झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। चुनाव कराने के लिए केंद्रीय मंत्री सह चुनाव अधिकारी जुएल उरांव सोमवार देर शाम रांची पहुंचे। पार्टी की रणनीति है कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही नामांकन हो। ऐसे में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। किसी अन्य कार्यकर्ता के नामांकन की संभावना नहीं है। इस बीच, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव को लेकर प्रदेश चुनाव अधिकारी प्रदीप वर्मा ने सोमवार को विस्तृत चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया। प्रदेश कार्यालय के सूचना बोर्ड पर कार्यक्रम का नोटिस चस्पा कर दिया गया है। प्रदीप वर्मा ने बताया कि पिछले एक वर्ष से झारखंड में भाजपा का संगठन पर्व चल रहा है। प्राथमिक व सक्रिय सदस्यता अभियान के बाद बूथ समिति, मंडल और जिला अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब अंतिम चरण में 13 और 14 जनवरी को प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का चुनाव होगा।


