जशपुरनगर | रविवार की देर शाम बगीचा क्षेत्र के हाईस्कूल चौक से आगे रतबा रोड पर एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। मिर्च से लदी एक तेज रफ्तार पिकअप सन्ना की ओर से आ रही थी, जो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इसी दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार अवधेश पाठक वाहन की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप के सामने अचानक एक मवेशी आ गया, जिससे चालक ने नियंत्रण खो दिया और पिकअप सड़क किनारे पलट गई। टक्कर से अवधेश पाठक खेत की ओर जा गिरे। उन्हें कई स्थानों पर चोटें आई हैं, वहीं उनकी बाइक को भी भारी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।


