शाजापुर में रविवार सुबह दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की जान चली गई, वहीं, 25 यात्री घायल हो गए। आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर बस बेकाबू होकर पलट गई। इसमें एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। वहीं, शाजापुर-आगर मार्ग पर दो कार की आमने–सामने भिड़ंत में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बस सड़क किनारे पलटी
सुनेरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर अभयपुर गांव के पास तेज रफ्तार बस सड़क के किनारे पलट गई। बस गुजरात के जामनगर से दतिया के इंदरगढ़ जा रही थी थी। हादसे में गायत्री बाई पति ओमप्रकाश निवासी अकबरपुर यूपी महिला की मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। एम्बुलेंस 108, पुलिस वाहन और निजी गाड़ियों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों की मदद से बस से घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायल दतिया, शिवपुरी और उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। देखिए बस हादसे की 3 तस्वीरें… बस यात्री बोले- नशे में धुत था ड्राइवर
यात्री फिरोज खान ने बताया कि बस खचाखच भरी थी। ड्राइवर शराब के नशे में धुत था। बस स्टाफ रास्ते में आपस में विवाद कर रहा था। बस को धीरे चलाने के लिए भी ड्राइवर से कहा था, लेकिन उसने नहीं सुना। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर जाम, क्रेन की मदद से हटाई बस
एडिशनल एसपी घनश्याम मालवीय ने बताया कि जानकारी मिलते ही एसडीओपी, एसडीएम, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी और यातायात पुलिस मौके पर पहुंच गए। क्रेन की मदद से बस को हाईवे से हटाया गया। हादसे के चलते हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई थी। यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया। बस में सवार ज्यादातर यात्री मजदूरी करने वाले थे, जो जामनगर से अपने गृह क्षेत्र लौट रहे थे। हादसे में ये लोग घायल हुए… दो कारों की भिड़ंत में दो लोगों की मौत
रविवार रात को ही शाजापुर-आगर मार्ग पर ग्राम कतवारिया के पास दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस टक्कर में दोनों कार चालकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान किसान मांगीलाल शर्मा निवासी डोंगरगांव और वाहिद खां निवासी ग्राम दुपाड़ा के रूप में हुई है। देखिए कार हादसे की 2 तस्वीरें… दोनों कार सड़क से उछलकर दूर जा गिरीं
मांगीलाल सब्जी लेकर मारुति अल्टो कार से शाजापुर मंडी आ रहे थे, जबकि वाजिद खां बलेनो कार से शुजालपुर से घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारें सड़क से उछलकर अलग-अलग दिशाओं में जा गिरीं। स्थानीय ग्रामीणों ने फौरन पुलिस को सूचना दी। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दुपाड़ा चौकी प्रभारी अंकित इटोदिया ने बताया कि मृतक वाजिद के खिलाफ जानलेवा हमला, लूट की धाराओं में केस दर्ज हैं। 12 अगस्त को उसे एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) के तहत जेल भेजा गया था। 16 सितंबर को ही हाईकोर्ट से जमानत हुई थी।


