भास्कर न्यूज | लुधियाना पक्खोवाल रोड के पास भाई वाला गुरुद्वारा के नजदीक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पर खड़ी कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में 5 से 6 मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। मौके पर मौजूद दीपक कुमार ने बताया कि वह अपनी ऑटो पार्ट्स की दुकान में बैठा था। तभी अचानक तेज आवाज आई। बाहर आकर देखा तो स्कॉर्पियो उनकी दुकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद जब स्कॉर्पियो चालक को रोका गया तो उसने बताया कि वह गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया। सूचना मिलते ही थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंची।


