तेज रफ्तार हाइवा ने किसान को कुचला:लातेहार में हल-बैल के साथ घर लौट रहे थे जमेदार भगत, ग्रामीणों ने 5 घंटे सड़क जाम किया

लातेहार जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय किसान की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बालूमाथ-हेरहंज स्टेट हाईवे-10 पर लावागड़ा गांव के समीप शाम करीब साढ़े सात बजे हुआ। मृतक की पहचान हेरहंज प्रखंड के दूधमाटिया टोला निवासी जमेदार भगत के रूप में की गई है। वे अपने खेत से धान की रोपनी कर हल-बैल के साथ घर लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। किसान की मौके पर ही मौत हादसा इतना जबरदस्त था कि किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हल में जुते बैल भी बुरी तरह जख्मी हो गए। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजा और चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घटनास्थल पर सड़क जाम कर दिया। देखते ही देखते बालूमाथ-हेरहंज मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सूचना पाकर हेरहंज थाना प्रभारी कृष्ण पाल सिंह पवैया दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की और सरकार की ओर से यथोचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया। पांच घंटे ग्रामीणों ने रखा सड़क जाम करीब पांच घंटे तक चले इस सड़क जाम के कारण आमजन को भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस और प्रशासन के आश्वासन के बाद रात 12 बजे जाम हटाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *