भास्कर न्यूज | जांजगीर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राज महल(पीला महल) में हुए हमले के फरार आरोपी टेकचन्द जैसवाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जांजगीर ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी। यह कार्रवाई 8 जुलाई को एसपी अंकिता शर्मा और एसडीओपी मनीष कुंवर के मार्गदर्शन में की गई। पीड़िता ने 25 जून 2025 को सक्ती थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में कहा गया कि सक्ती निवासी अमंक जोशी, राजकुमार अग्रवाल, राजेश शर्मा और उनके साथ आए अन्य लड़कों ने डकैती की नीयत से पीला महल में तोड़फोड़ की। पीड़िता को महल से बाहर निकालकर अंदर से ताला बंद कर दिया गया। महल के अंदर हथियारबंद अपराधियों ने डकैती और तोड़फोड़ की। पीड़िता के कमरे का दरवाजा तोड़कर नकद और जेवर लूटे गए। दरवाजे तोड़कर जबरन प्रवेश किया गया। पीड़िता और अन्य कर्मचारियों पर लाठी, डंडा, हथौड़ा और टांगी से जानलेवा हमला किया गया। एसपी अंकिता शर्मा ने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली कि टेकचन्द जैसवाल अपने घर सक्ती आया है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया और जेल भेज दिया। मामले के अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। उनकी तलाश जारी है। भास्कर न्यूज | जांजगीर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 के लिए नामांकन मंगाए हैं। यह पुरस्कार हर साल भारत सरकार द्वारा अर्जुन पुरस्कारों के साथ दिया जाता है। इसका उद्देश्य साहसिक कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित करना है। साथ ही युवाओं में सहनशक्ति, जोखिम लेने की भावना, टीम वर्क और सजगता को बढ़ावा देना है। पुरस्कार चार श्रेणियों में दिया जाएगा। इनमें लैंड एडवेंचर, वॉटर एडवेंचर, एयर एडवेंचर और साहसिक गतिविधियों में जीवन भर के योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट शामिल हैं। हर श्रेणी में एक पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार में कांस्य प्रतिमा, प्रमाण पत्र, रेशमी टाई या साड़ी के साथ ब्लेजर और 15 लाख रुपए की राशि दी जाएगी।


