भास्कर न्यूज | प्रतापपुर आगामी नवरात्रि और दुर्गापूजा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर प्रतापपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ दुर्गा पूजा समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि व नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक में दुर्गापूजा के दौरान पंडालों में लाइटिंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक संचालन, पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा उपायों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। पूजा समिति के सदस्यों ने सुझाव दिया कि शाम के समय भीड़ को ध्यान में रखते हुए चौराहों, मंदिर परिसरों और प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया जाए, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त, पंडालों में बिजली के जर्जर तारों को दुरुस्त करने, अग्निशमन यंत्र व रेत की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा रात में तीन समिति सदस्यों की अनिवार्य उपस्थिति पर भी बल दिया गया। बैठक में प्रतापपुर एसडीएम ललिता भगत, पुलिस एसडीओपी अनूप एक्का, तहसीलदार चंद्रशिला जायसवाल एवं थाना प्रभारी अमित कौशिक ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस की पैदल गश्त व चौक-चौराहों पर पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जाएगी। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष मानती सिंह, पूजा समिति सदस्य सतीश चौबे, राजेश गुप्ता, अरविंद जयसवाल, प्रियंकल तिवारी, सूरज रजक, कौशल दुबे, विजय नारायण कुशवाहा, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, योगेंद्र सिंह सहित कई आयोजनकर्ता मौजूद रहे।


