अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने मुरादाबाद में कहा कि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ वीर हैं, वह संभल को ठीक ढंग से संभाल लेंगे। तोगड़िया ने कहा कि हिंदू अपने मंदिरों को वापस लेने का क्रम जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को आचरण से कट्टर बनना होगा। यदि ऐसा नहीं किया तो आने वाले समय में हिंदुओं की आबादी खत्म होती चली जाएगी।
मुरादाबाद में पंचायत सभागार में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल की एक सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि आज संपूर्ण विश्व के अंदर हिंदुओं की ताकत खड़ी करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद राष्ट्रीय बजरंग दल एक लाख स्थान पर हनुमान चालीसा केंद्र स्थापित करने जा रहा है। आगामी कुंभ में एक करोड़ हिंदुओं को निशुल्क भोजन, एक लाख हिंदुओं को प्रतिदिन चाय की व्यवस्था और कुंभ में आए हुए सभी तीर्थ यात्रियों में से एक लाख तीर्थ यात्रियों को कंबल बैंक के माध्यम से हम कंबल देने की व्यवस्था करेंगे।
तोगड़िया ने कहा कि, प्रत्येक दिन 5000 हिंदुओं को अपने शिविरों में रात्रि विश्राम करने की व्यवस्था अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद करने जा रहा है। आज संपूर्ण विश्व के अंदर हिंदू जागृत हो चुका है। जगह-जगह मंदिर निकल रहे हैं। वह मंदिर हम सभी पूर्व के पूर्वजों के मंदिर हैं। हमारे पिता की संपत्ति है, वह हमारी ही है। इस पर हमारा ही अधिकार है। डॉ. तोगड़िया ने कहा कि विश्व में हिंदुओं की आबादी कम होती जा रही है। हिंदुओं को अपने आचरण में कट्टरता लानी होगी। जब भी कोई सामान खरीदें तो हिंदू दुकान से ही खरीदें और जब भी कोई काम कराना हो तो उसे हिंदू कारीगर से ही कराएं। ताकि हिंदुओं का पैसा हिंदुओं के पास जाए और गरीब हिंदुओं को रोजगार मिल सके।
पंचायत भवन से पूर्व डॉक्टर प्रवीण तोगड़िया ने मुरादाबाद के व्यापारियों के साथ एक बैठक की। इसमें मुरादाबाद के 50 से अधिक व्यापारी उपस्थित रहे। सभी व्यापारियों में डॉक्टर तोगड़िया के साथ संकल्प लिया कि वह कुंभ में और हिंदू समाज के लिए तन मन धन लगाकर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और हिंदू समाज को आगे बढ़ाएंगे।


