धौलपुर जिले में 29 जनवरी 2026 को हुए एक हमले के मामले में त्यागी समाज ने एडिशनल पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा को ज्ञापन सौंपा है। समाज ने इस घटना के आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि 29 जनवरी की शाम करीब 5 बजे त्यागी छात्रावास के निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे विनोद त्यागी पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया। आरोप है कि दिनेश त्यागी, मनोज त्यागी और पंकज त्यागी अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने चाकू, फरसा से हमला कर दिया। साथ ही अवैध देसी कट्टे से फायरिंग कर विनोद त्यागी के पैर में गोली मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। समाज के सदस्यों का कहना है कि यह मामला हत्या के प्रयास, अवैध हथियारों के उपयोग और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़ा है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। समाज ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाए और सभी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही, घटना में प्रयुक्त अवैध हथियारों की बरामदगी कर उनके स्रोत की गहन जांच की जानी चाहिए। त्यागी समाज ने पीड़ित विनोद त्यागी और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की भी मांग की है। समाज के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं। एडिशनल एसपी वैभव शर्मा ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


