त्योहार में बुझा चूल्हा, गैस सिलेण्डर संकट से परेशान लोगों ने कहा- आंदोलन करेंगे

भास्कर न्यूज | तोकापाल ब्लॉक मुख्यालय होने के बावजूद राजूर इंडियन गैस एजेंसी में रसोई गैस की भारी किल्लत ने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है। त्योहार के समय जब घर-घर में गैस की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, तब हालात ऐसे बन गए कि कई परिवारों को मजबूरी में फिर से लकड़ी के चूल्हे जलाने पड़े। जानकारी के अनुसार एजेंसी में 10 दिसंबर को गैस सिलेंडरों की आपूर्ति हुई थी, लेकिन इसके बाद 22 दिसंबर को आने वाली खेप भी आधे से कम उपभोक्ताओं तक ही पहुंच पाएगी। इससे क्षेत्र में गैस संकट और गहरा गया है। उज्ज्वला योजना जैसी केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के बावजूद ग्रामीण और शहरी उपभोक्ता गैस से वंचित हैं। लोगों का सवाल है कि जब राजूर ब्लॉक मुख्यालय है, क्षेत्र से भाजपा विधायक और सांसद हैं, तब भी गैस जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध क्यों नहीं हो पा रही? गैस के बिना रसोई का काम ठप पड़ गया है और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं। चिंताजनक बात यह भी है कि गांव के बीचों-बीच गैस एजेंसी संचालित होने के बावजूद सुरक्षा मानकों और कालाबाजारी की जांच को लेकर खाद्य विभाग और संबंधित अधिकारियों की चुप्पी बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि जब तक कोई बड़ी घटना नहीं होती, तब तक प्रशासन आंख मूंदे बैठा रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि राजूर इंडियन गैस एजेंसी में खुलेआम कालाबाजारी हो रही है। एजेंसी में आम उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिलता, जबकि कथित सब-एजेंट गांव-गांव जाकर लोगों की पासबुक जमा कर अधिक कीमत में गैस सिलेंडर बेच रहे हैं। इससे न सिर्फ उपभोक्ताओं को ज्यादा पैसा देना पड़ रहा है, बल्कि उनकी सब्सिडी भी प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि एजेंसी पहले इन्हीं लोगों को सिलेंडर देती है और बाद में आम जनता को टाल दिया जाता है। स्थानीय जनता में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि गैस संकट के बावजूद न तो सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधि पहुंचे और न ही विपक्षी दल के नेता। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। चेतावनी दी गई है कि जरूरत पड़ी तो एनएच-16 को जाम कर शासन-प्रशासन को जगाया जाएगा। जांच कराई जाएगी: खाद्य नियंत्रक जीएस राठौर ने कहा कि शिकायत पर जांच कराई जाएगी व इसी के आधार पर कार्रवाई होगी। जनता ने अल्टीमेटम दिया {लकड़ी जलाने मजबूर परिवार {सब्सिडी छीनने और महंगे सिलेंडर की शिकायत {विभागीय जांच न होने से नाराजगी {समाधान नहीं हुआ तो एनएच- 16 जाम करने की चेतावनी

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *