बेनूर | नारायणपुर–कोंडागांव मार्ग पर जारी सड़क निर्माण कार्य ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। माइंस से जुड़े तेज रफ्तार भारी ट्रकों और चारपहिया वाहनों की आवाजाही से सुबह से ही धूल के गुबार उड़ने लगते हैं, जिससे राहगीरों और सड़क किनारे रहने वाले लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। निर्माण एजेंसी द्वारा धूल नियंत्रण के लिए दिन में दो–तीन बार पानी का छिड़काव किया जा रहा है, लेकिन तेज धूप में यह आधे घंटे में ही सूख जाता है। इसके बाद वाहनों के चलते फिर धूल उड़ने लगती है। सड़क किनारे स्थित घरों और दुकानों में धूल की मोटी परत जम रही है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सांस संबंधी दिक्कतें हो रही हैं। नियमित और पर्याप्त पानी छिड़काव जरूरी है। ताकि धूल से राहत मिल सके। – राजकुमार बघेल, बेनूर


