थांदला के बेडवा गांव में दुकान-घर में लगी आग:पेट्रोल से आग फैलने की आशँका, 45 मिनट देरी से पहुंची फायर बिग्रेड

थांदला से लगभग 12 किलोमीटर दूर बेडवा गांव के मुख्य बाजार में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे आग लगने की घटना सामने आई। यह आग बाबू देवदा की मैकेनिक की दुकान और उनके घर में लगी। आग लगने का सही कारण अभी तक अज्ञात है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान में पेट्रोल भी बेचा जाता था, जिससे आग तेजी से फैली। घटना की सूचना मिलने के बावजूद, थांदला नगर परिषद की फायर ब्रिगेड लगभग 45 मिनट की देरी से मौके पर पहुंची। नागरिकों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड आग बुझाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई। बताया गया है कि फायर ब्रिगेड के पाइप और वॉल फटे हुए थे, जिसके कारण पानी का अपेक्षित दबाव घटनास्थल तक नहीं पहुंच पा रहा था। थांदला के सीएमओ कमलेश जायसवाल ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड को मरम्मत की आवश्यकता है और इसे जल्द ही ठीक करा लिया जाएगा। प्रशासन की इस स्थिति को देखते हुए, मौके पर मौजूद नागरिकों और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा थी जो आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही थी। जिस दुकान में आग लगी, उसके पास ही गायत्री पब्लिक स्कूल संचालित होता है। घटना के समय विद्यार्थी भी स्कूल पहुंच चुके थे। आगजनी की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों को परिसर से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों ने अपने प्रयासों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। स्थानीय प्रशासन की प्रतिक्रिया को लेकर लोगों में असंतोष देखा गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *