थाने से 100 मीटर दूर कचरे में मिला भ्रूण लोग बोले- इसी गली की महिला ने फेंका

भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना गेट हकीमां से 100 मीटर दूर सोमवार सुबह साढ़े 10 बजे एक बच्चे का भ्रूण पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लिया। दैनिक भास्कर की टीम मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत की और एक सीसीटीवी फुटेज मिला। फुटेज में सुबह 6.03 बजे एक व्यक्ति गली से बाहर निकलता है और मेन रोड की ओर चला जाता है। उसके तुरंत बाद एक महिला बाहर निकलती है और गली के कोने में एकत्रित कूड़े पर कुछ फेंककर चली जाती है। फिर उसके बाद तुरंत वापस आती है और कुछ करके वापस गली में चली जाती है। लोगों ने आशंका जताई कि गली की महिला ने बच्चे के भ्रूण को बोरी में लपेट कर कूड़े में फेंका है क्योंकि उसके बाद सीसीटीवी में कुछ नजर नहीं आया। बोरी से ढके होने के कारण राहगीरों को पता नहीं चलता, लेकिन 10 बजे के करीब एक आवारा कुत्ते बोरी को खींचते हुए कूड़े से बाहर निकाल लाए। तभी पास के एक दुकानदार को भ्रूण के बारे में पता चला। थाना गेट हकीमां के बिल्कुल पीछे पहली गली में 50 मीटर दूर मेरी दुकान है। रोजाना की तरह सोमवार सुबह 9 बजे दुकान खोली। 10 बजे अवारा कुत्ते दुकान के पास गली के कोने पर पड़े कूड़े से एक बोरी घसीट रहे थे। जब बाहर आकर देखा तो कुत्तों को भगाया और देखा तो बोरी में भ्रूण लिपटा हुआ था। देखते ही देखते लोग जमा हो गए। फिर पुलिस को सूचित किया। कुत्ते उक्त बोरी को घटना वाली जगह से 20 मीटर दूर कोने पर पड़े कूड़े में ले गए। उस पर खून लगा हुआ था। भले ही पुलिस भ्रूण ले गई, लेकिन बोरी को हाथ तक नहीं लगाया। – जैसा दुकानदार अमित ने बताया। थाना एसएचओ मनजीत कौर ने बताया कि एक बच्चे का भ्रूण मिला था। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर मोर्चरी में भेजा है। हालांकि वहां सीसीटीवी लगे हुए थे, लेकिन फैक्टरी पर थे। सोमवार को फैक्टरी बंद थी जिस कारण सीसीटीवी अभी खंगाला नहीं गया। मंगलवार सुबह सीसीटीवी खंगाल आरोपी तक पहुंचेंगे। इसके बाद दैनिक भास्कर की ओर से उन्हें बताया कि ग्राउंड रिपोर्टिंग में सीसीटीवी निकाला गया है, जिसमें एक महिला पर फेंकने का शक जाहिर किया तो तो एसएचओ ने बताया कि अगर ऐसी बात है तो उक्त महिला को काबू किया जाएगा और कारण पता करेंगे। एक सीसीटीवी सामने आई है जिसमें थोड़ी सी झलक महिला के कुछ फेंकते हुए की सामने आई है। फुटेज में मीटर बॉक्स के चलते क्लियर नजर नहीं आ रहा है। बताया जा रहा है कि भ्रूण करीब 5 माह का होगा और लड़का था। जहां भ्रूण मिला उसके सामने 50 मीटर की गली है जो आगे जाकर बंद हो जाती है। इस गली में दोनों तरफ कुछ फैक्टरी और 6 से 7 घर हैं। जिसमें तकरीबन 15 परिवार किराये पर रहते हैं। वहां के आस-पास लोगों से बात की तो उन्होंने ने भी माना कि इसी गली में रहने वाली किसी महिला ने यह भ्रूण को फेंका है। लोगों का कहना है कि अब उसे ढूंढना पुलिस का काम है। ऐसी घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *