सतीश कपूर | अमृतसर गुरु नगरी को स्मार्ट बनाने के लिए सरकार बिजली के इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार पर 127 करोड़ खर्च करेगी। इसके लिए पावरकॉम ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत बिजली के टूटे टेढ़े पोल, बाजारों में लटकती तारों और खराब पिलर बाक्स आदि बदले जाएंगे। इससे शहरवासियों को निर्विघ्न बिजली सप्लाई मिलेगी। सबसे पहले श्री दरबार साहिब को जाने वाले रास्तों से बिजली के लटकते तारों के जंजाल को हटाया जाएगा। इन कामों का सारा मैटीरियल पावरकॉम की ओर से ठेकेदारों को दिया जाएगा। सिटी और ईस्ट डिवीजन के कुल 170 फीडरों और उनसे चलने वाले इलाकों में काम होंगे। ईस्ट डिवीजन : 10 करोड़ से वेरका, गोपाल नगर, साउथ और वेस्ट सबडिवीजनों में पुराने इंफ्रास्ट्रक्चर को बदला जाएगा। इंडस्ट्रीज डिवीजन : 5.12 करोड़ से घी मंडी, गोल्डन टेंपल, राम बाग समेत शहर के अंदरुनी इलाकों का खराब इंफ्रास्ट्रक्चर बदला जाएगा। हकीमां गेट डिवीजन : 5 करोड़ से हाथी गेट, लोहगढ़ गेट, हकीमां गेट, खजाना गेट और अन्य इलाकों में तारों को ऊंचा करके टूटे पोल और खराब पिलर बाक्स बदले जाएंगे। सिविल लाइन डिवीजन : 3.41 करोड़ से लॉरेंस रोड, मजीठा रोड, माल रोड, कचहरी, नॉवल्टी चौक, इस्लामाबाद समेत अन्य इलाकों में इंफ्रास्ट्रक्चर सुधारा जाएगा। सिटी सेंटर डिवीजन : 3.14 करोड़ से घी मंडी, हुसैनपुरा, रामबाग, माल मंडी, कटड़ा शेर सिंह, कटड़ा बग्घियां में लटकते तारों, टेढ़े पोल और खराब पिलर बाक्स बदले जाएंगे। सरकार शहर को स्मार्ट बनाने को करोड़ों खर्च कर रही है। बिजली का काफी इंफ्रास्ट्रक्चर जल्द ही बदला जाएगा। ठेकेदारी सिस्टम से होने वाला काम जल्द खत्म होगा। इसके लिए 2 दिन में टेंडर लगाए जा रहे हैं। -इंजी. जीएस खैहरा एसई, सिटी सर्किल


