जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। थीम पार्क में 25 वर्षीय युवक जयप्रकाश धर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। जयप्रकाश के सिर पर तेज धारदार हथियार से वार किया गया और गला भी रेत दिया गया। गोविंदपुर कोचा टोला निवासी जयप्रकाश धर बीती रात अपने घर से बाहर गया था। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा और सुबह तक भी उसका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि थीम पार्क में एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान जयप्रकाश के रूप में की। परिजनों का कहना है कि जयप्रकाश की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, जिससे हत्या का कारण समझ से परे है। घटनास्थल से पुलिस को एक टॉर्च और एक ताला बरामद हुआ है, जिसे जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है, लेकिन फिलहाल कोई बयान देने से बच रही है।


