धार जिला पुलिस लाइन में शुक्रवार को नियमित जनरल परेड का आयोजन किया गया। SP मयंक अवस्थी ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक पुरुषोत्तम बिश्नोई और उप कमांडर उप निरीक्षक आकाश हिंडोलिया के नेतृत्व में प्लाटूनों ने अनुशासन और सटीक ड्रिल का प्रदर्शन किया। निरीक्षण के बाद स्क्वाड ड्रिल करवाई गई, जिसमें साफ-सुथरी वर्दी, तालमेल और कमांड फॉलो करने की क्षमता पर जोर दिया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए एसपी ने नकद पुरस्कार की घोषणा की। भीड़ नियंत्रण की तकनीकें सिखाई कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और तनावपूर्ण स्थितियों से निपटने की तैयारी परखने के लिए विशेष रूप से बलवा ड्रिल भी आयोजित की गई। इस ड्रिल का नेतृत्व प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक गगन हनवत और कानवन थाना प्रभारी ने किया। अभ्यास के दौरान जवानों को रॉयट ड्रिल उपकरणों का प्रभावी उपयोग, टियर गैस का सुरक्षित संचालन और भीड़ नियंत्रण की तकनीकें सिखाई गईं। उन्हें कम से कम बल प्रयोग के साथ स्थिति को काबू करने की रणनीति भी बताई गई। ड्रिल में दंगाइयों को अलग-थलग करने, आगजनी की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने और भीड़ में फंसे महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया गया। जवानों को वास्तविक परिस्थितियों की तरह टीमवर्क के साथ मोर्चा संभालने और हालात सामान्य करने का प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने जोर दिया कि किसी भी ऑपरेशन में नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बलवा ड्रिल में ‘कम बल, अधिक नियंत्रण’ के सिद्धांत को प्रमुखता से समझाया गया। परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, नगर पुलिस अधीक्षक सुजावत जग्गा, उप पुलिस अधीक्षक आनंद तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक पीथमपुर रवि सुनेर सहित धार, बदनावर, पीथमपुर और यातायात थाना प्रभारी अपने-अपने बल के साथ उपस्थित रहे। अधिकारियों की मौजूदगी और जवानों का दमदार प्रदर्शन यह दर्शाता है कि जिला पुलिस हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार है।


