भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय से बचेली-बैलाडीला सड़क बन जाने से लोगों ने राहत की सांस ली थी, पर अब ठेकेदार के द्वारा सड़क के सोल्डर में मिट्टी डाल देने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हालांकि विभाग की अनुमति के बाद ही मिट्टी डाली जा रही है, पर इससे सड़क पर बाइक सवार और सड़क के किनारे रहने वाले परिवारों की मुसीबत बढ़ गई है। सड़क से उड़ रही धूल घरों के अंदर तक पहुंच रही है। इस सड़क का निर्माण 3 साल से किया जा रहा है अब लगभग सड़क बनकर तैयार हो गई है, पुल-पुलियों का काम अभी अधूरा है। सड़क बन जाने से लोग काफी खुश थे, पर अब एक नई मुसीबत ठेकेदार के द्वारा खड़ी कर दी गई है, गांवों से लाल मिट्टी खोदकर सड़क पर डाल दी जा रही है, सड़क के दोनों तरफ सोल्डर में यह मिट्टी डाली जा रही है। ट्रक और दूसरे वाहन गुजरने के बाद सड़क पर कुछ भी दिखाई नहीं देता है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। बारिश में यह मिट्टी कीचड़ में तब्दील हो जाएगी और बह भी जाएगी, पर पीडब्ल्यूडी विभाग इन सब चीजों को जानकर भी मिट्टी डलवा रहा है।


