दतिया में ग्वालियर रोड स्थित कृष्णा हॉस्पिटल के पास एक किराना दुकान में शनिवार रात अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर नकदी सहित हजारों रुपए का सामान चोरी कर लिया। घटना दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोर शटर का लॉक तोड़ते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो रविवार शाम को सामने आया है। जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। बलवीर पाल पिता राजाराम पाल (28) निवासी दम्मू का बाग ने थाने पहुंचकर बताया कि वह पाल साहब की टी स्टॉल के नाम से किराने की दुकान संचालित करता है। 10 जनवरी की रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। 11 जनवरी की सुबह करीब 8 बजे जब दुकान खोलने पहुंचा तो शटर का ताला टूटा मिला। दुकान के अंदर गल्ले में रखे करीब 1200 रुपए नकद और सिगरेट की डिब्बियां, गुटखा, तंबाकू, नमकीन, बिस्किट, चाय सहित करीब 17 हजार रुपए का सामान गायब था। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस अज्ञात चोर की तलाश में जुटी हुई है।


