सतना पुलिस ने नववर्ष की शाम बेला बस्ती में हुए अपहरण और लूट के मामले का खुलासा रविवार को कर दिया। रामपुर बाघेलान थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक और स्कूटी भी जब्त की गई है। यह घटना 1 जनवरी की देर शाम बेला स्थित शराब दुकान के पास वाहन खड़ा करने को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद हुई थी। बदमाशों ने योगेन्द्र सिंह निवासी बेला बस्ती और उनके साथी राहुल साकेत का उनकी ही जीप में अपहरण कर लिया था। आरोपी दोनों को जबरन जीप में बैठाकर अमरपाटन मार्ग की ओर ले गए थे। अपहरण के बाद आरोपियों ने जूरा रोड से तलहुटा रोड तक दोनों युवकों के साथ मारपीट की। इस दौरान उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए और राहुल साकेत की जेब से 15 हजार रुपए नकद लूट लिए गए। मारपीट में योगेन्द्र के माथे और आंख के पास चोटें आईं, जबकि राहुल के आंख, पीठ और गाल में गंभीर चोटें आईं और उनके बाएं कान से सुनाई देना भी बंद हो गया। पुलिस ने जांच के बाद दीपेंद्र सिंह उर्फ छोटू, दिवाकर तिवारी, अरुण सिंह उर्फ अन्नू, प्रभात त्रिपाठी, योगेंद्र सिंह, राज चतुर्वेदी और शुभम परोहा को गिरफ्तार किया है। रामपुर बाघेलान थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक और स्कूटी भी जब्त की है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।


