दतिया में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के झिरका बाग इलाके में शुक्रवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब कुछ बदमाशों ने एक घर के बाहर फायरिंग कर दी। गोली घर के गेट और दीवार पर लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए। पीड़ित घनश्याम यादव (25) निवासी झिरका बाग ने पुलिस को बताया कि वह रात करीब साढ़े दस बजे घर के बाहर बैठा था। तभी सूरज कुशवाह निवासी झिरका बाग, अजय कुशवाह निवासी बड़ौनी और एक अन्य व्यक्ति वहां आ गए। इस दौरान मोहल्ले का ही गोलू कुशवाह भी मौके पर मौजूद था। घर के गेट और और दीवार पर निशान बने
घनश्याम के अनुसार, आरोपियों ने उससे दुकान खोलने को कहा। जब उसने मना किया तो तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी बीच अजय और सूरज कुशवाह ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली घर के गेट और दीवार से टकराई। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। टीआई सुनील बनौरिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।


