दतिया जिले के गोराघाट थाना क्षेत्र में कोटरा रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार शाम करीब 7 बजे 18 वर्षीय युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक की पहचान प्रिंस अहिरवार (18) के रूप में हुई है। वह दिनारा रोड पर किराए के मकान में रह रहा था और ठंडी सड़क स्थित शासकीय क्रमांक-2 स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र था। कोटरा स्टेशन कैसे पहुंचा, स्थिति स्पष्ट नहीं पुलिस के अनुसार युवक कोटरा रेलवे स्टेशन कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रिंस तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला, जांच जारी थाना प्रभारी रमेश शाक्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


