उत्तरी हवाओं के सक्रिय होने के साथ दतिया में ठंड लगातार बढ़ रही है। बीते 24 घंटे में रात का तापमान गिरकर 9.4 डिग्री सेल्सियस और दिन का अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले सप्ताह में तापमान में गिरावट जारी रहेगी। सर्द हवाओं से बढ़ी ठंड मंगलवार-बुधवार की रात चली ठंडी और शुष्क हवाओं ने मौसम बदल दिया। सुबह के समय शहर में हल्की ठंड और कोहरे जैसी धुंध रही। लोग गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर हुए और सड़कों पर आवागमन कम नजर आया। ठंड बढ़ने से स्कूल जाने वाले बच्चों और कामकाजी लोगों को परेशानी हुई। बाजारों में गर्म कपड़ों की दुकानों पर भीड़ बढ़ी, लोग स्वेटर, दस्ताने और टोपी खरीदते दिखे। सुबह-शाम चाय की दुकानों पर भी ज्यादा ग्राहक आए। ठंड बढ़ने के साथ शहर के अस्पतालों में सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या में भी इजाफा देखा गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में रात का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है।


