दतिया में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के सीता सागर के पास एक दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी से सिगरेट और नकदी से भरा बैग चोरी हो गया। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना बीते शनिवार की है, जिसका वीडियो रविवार दोपहर सामने आया। सेल्समैन आसिफ अली अपनी स्कूटी पर सिगरेट से भरा बैग रखकर दुकानदार से बात कर रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात युवक मौके पर पहुंचा और स्कूटी पर रखा बैग उठाकर फरार हो गया। बैग में 360 पैकेट सिगरेट और नकदी थी पीड़ित सेल्समैन आसिफ अली ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि बैग में 360 पैकेट सिगरेट थे, जिनकी कीमत करीब 50 हजार रुपए थी। इसके अलावा बैग में 6 हजार रुपए नकद भी रखे थे। कुल मिलाकर 56 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। एएसपी सुनील कुमार शिवहरे ने बताया कि अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं और पुलिस जांच में जुटी हुई है।


