दतिया में नवविवाहिता का शव कुएं से बरामद:एक हफ्ते से लापता थी; प्रसव के बाद तनाव में रहने की आशंका

दतिया में बसई थाना क्षेत्र के पच्चरगढ़ गांव में सोमवार रात एक नवविवाहिता का शव एक खेत पर बने कुएं से बरामद हुआ। वह पिछले एक सप्ताह से लापता थी। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल मर्ग कायम कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, पच्चरगढ़ निवासी 23 वर्षीय कल्याण लोधी ने करीब एक साल पहले पड़ोसी गांव की 19 वर्षीय संध्या से प्रेम विवाह किया था। कल्याण पेशे से किसान है। संध्या गर्भवती थी और 27 सितंबर को बसई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उसकी नॉर्मल डिलेवरी हुई, जिसमें एक बच्ची का जन्म हुआ। प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें झांसी रेफर किया गया था। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद दोनों को घर भेज दिया गया था। परिजनों के मुताबिक, 30 सितंबर की रात (दशहरा) के दिन संध्या अचानक बच्ची की छोड़ घर से लापता हो गई। परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार 3 अक्टूबर को परिजनों ने थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। तलाश के दौरान सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली कि गांव के ही नीलेश लोधी के खेत पर बने कुएं में एक महिला का शव पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। शव पूरी तरह से गल चुका था। पोस्टमॉर्टम के बाद मंगलवार दोपहर शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि विवाहिता प्रसव के बाद तनाव में थी और नवजात बच्ची के जन्म से खुश नहीं थी। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है। थाना प्रभारी सच्चिदानंद शर्मा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। यह नवविवाहिता की मौत का मामला है, आगे की जांच एडीओपी बड़ौनी विनायक शुक्ला के सुपुर्द की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *