दतिया में इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में दतिया-इंदरगढ़ रोड पर ग्राम ररुआराय के पास शुक्रवार दोपहर कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत में 48 वर्षीय मजदूर दशरथ जाटव की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी पूरन जाटव और मंगल धाकड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, इंदरगढ़ निवासी दशरथ जाटव अपने दो साथी पुरन जाटव और मंगल धाकड़ के साथ बाइक से पास के छिकाऊ गांव मजदूरी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए चार पहिया वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और कार दोनों सड़क से उतरकर खेत में जा गिरे। दशरथ के बेटे लोकेंद्र ने बताया कि उनके पिता और साथी मजदूरी के लिए जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि कार ड्राइवर का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार संभव है कि हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मामले की पूरी विवेचना पुलिस द्वारा जारी है।


