अनूपपुर में वन विभाग ने बड़हर-किरर मार्ग पर अवैध रूप से खैर की लकड़ी ले जा रही एक पिकअप गाड़ी जब्त की है। विभाग को अवैध परिवहन की सूचना मिली थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। परिक्षेत्र सहायक किरर, रिचर्ड रेगी राव ने बताया कि उन्हें बिना दस्तावेज के लकड़ी परिवहन की सूचना मिली थी। इसके आधार पर नाकाबंदी की गई। बड़हर और किरर मार्ग के बीच सिद्धबाबा के पास पिकअप वाहन दिखा। तलाशी लेने पर उसमें कोई चालक या अन्य व्यक्ति नहीं मिला। वाहन में खैर (कत्था) प्रजाति की लकड़ी थी। इसे वनचौकी परिसर किरर में खड़ा कर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अवैध परिवहन का वन अपराध दर्ज किया गया है। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो महीनों से अनूपपुर जिले के बड़हर, अकुआ, डिडवापानी, पटपरहा और शहडोल जिले के खोह सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध कटाई जारी है। लकड़ी के ठेकेदार बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के निजी पट्टाधारक जनजातीय समुदाय के ग्रामीणों से कम कीमत पर खैर के हरे-भरे पेड़ खरीद रहे हैं। इन पेड़ों को मशीनों से काटकर रात के समय अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है।


