दतिया में लापता युवक का VIDEO:नदी किनारे बोला- मैं खुदकुशी रहा हूं, मेरी मौत का कारण पत्नी-सास और साला है

दतिया के डीपार थाना क्षेत्र में बीते गुरुवार से लापता युवक का एक वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। 48 सेकेंड के इस वीडियो में युवक सिंध नदी के घाट के पास खड़ा होकर आत्महत्या की बात कहता सुनाई दे रहा है। युवक अपनी पत्नी के अलावा साले को इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराता नजर आ रहा है। युवक का आरोप है कि उसके साले ने कई बार उसे मरवाने के लिए गुंडे लगवाए हैं। वीडियो शुक्रवार सुबह सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई और सिंध नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, लापता युवक की पहचान पवन चौहान निवासी ग्राम रुहेरा के रूप में हुई। पवन बीते शुक्रवार सुबह घर से बिना किसी को बताए निकल गया था और इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर डीपार थाना पुलिस ने युवक की गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी दौरान आज (शुक्रवार) सुबह उसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें वह नदी के घाट पर खड़े होकर अपनी आपबीती बयान करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने गांव के पास ही सिंध नदी के मरघट क्षेत्र में सर्चिंग की, जहां से युवक की जैकिट और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। इन दोनों चीजों की बरामदगी के बाद मामला और भी संदिग्ध हो गया है। पुलिस को आशंका है कि युवक ने नदी में छलांग लगाई हो सकती है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। तीन साल पहले हुई थी शादी, छह माह का बेटा
लापता युवक पवन चौहान अपने माता-पिता की इकलौती संतान है। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। करीब तीन साल पहले उसकी शादी भिंड जिले के गोहद क्षेत्र की युवती से हुई थी। दंपती का छह माह का एक बेटा भी है। पवन खेती-किसानी का काम करता था। रिश्तेदारों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, लेकिन विवाद का असली कारण कभी किसी को स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया। दोनों ही अपने पारिवारिक मामलों को दूसरों से साझा नहीं करते थे। ग्रामीणों के अनुसार, पवन चौहान क्षेत्र का अच्छा तैराक था। सिंध नदी में जब भी किसी के फंसने या लापता होने की सूचना मिलती थी, तो पवन की मदद ली जाती थी। यही कारण है कि ग्रामीण इस मामले को लेकर और भी असमंजस में हैं कि क्या वह सच में नदी में डूबा है या किसी अन्य परिस्थिति में लापता हुआ है। पहले भी हो चुका है लापता
पुलिस और ग्रामीणों ने बताया कि पवन इससे पहले भी दो-तीन बार घर से लापता हो चुका है। हालांकि, उन मौकों पर वह तीन-चार दिन बाद स्वयं घर लौट आया था। इस बार वीडियो सामने आने और नदी किनारे उसके सामान मिलने के बाद मामला गंभीर और संदिग्ध बन गया है। एसडीआरएफ की मदद से तलाश जारी
वीडियो सामने आने के बाद थाना प्रभारी यादवेंद्र गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सिंध नदी में युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। पांच सदस्यीय एसडीआरएफ टीम स्टीमर की मदद से नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है। इसके अलावा स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है। दतिया एएसपी सुनील कुमार शिवहरे ने बताया कि युवक की गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। वीडियो में लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जाएगी। फिलहाल सिंध नदी में युवक की तलाश जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *