दतिया में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त रुख अपनाया है। विभाग द्वारा चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान 101 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अर्थदंड सहित वैधानिक दंडात्मक प्रावधान लागू किए जा रहे हैं। खनिज अधिकारी प्रदीप भूरिया ने बताया कि, जिले भर में खनिज परिवहन की जांच की गई। जांच में अवैध खनन, अवैध परिवहन और नियमों के उल्लंघन के कई मामले सामने आए। कार्रवाई के दौरान खनिज मद में करीब 40 लाख रुपए जमा कराए गए, जो निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 133 प्रतिशत उपलब्धि मानी जा रही है। यह राशि ग्रामीण अधोसंरचना विकास के लिए उपयोग में लाई जाएगी। इसके अलावा गंभीर अनियमितताओं और शर्तों के उल्लंघन के मामलों में प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए 20 खदानों के पट्टे निरस्त कर दिए हैं। इनमें वे पट्टेदार शामिल हैं, जिन्होंने निर्धारित समय सीमा में डेड रेंट सहित अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी नहीं की थीं। कलेक्टर स्वप्निल वानखडे ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन को लेकर “शून्य सहनशीलता” की नीति अपनाई गई है और भविष्य में भी नियम तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। खनिज अधिकारी प्रदीप भूरिया ने बताया कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए निरीक्षण और प्रवर्तन की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगीl


