दमोह कृषि मंडी गेट पर ग्रामीणों का हंगामा:अवैध शराब बिक्री के खिलाफ प्रदर्शन, पुलिस की समझाइश पर माने

दमोह देहात थाना क्षेत्र की सागर नाका चौकी अंतर्गत कृषि मंडी के गेट पर गुरुवार दोपहर ग्रामीणों ने अवैध शराब बिक्री को लेकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर उतरकर अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि अवैध शराब बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद पुलिस ने एक स्थान पर छिपाकर रखी गई अवैध शराब जब्त की। ग्रामीणों ने बताया कि गोपुरा और हीरदेपुर गांवों में नारायण और लल्लू नामक दो युवक बड़ी मात्रा में अवैध शराब बेचते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 5 दिन पहले भी इस संबंध में सागर नाका चौकी में आवेदन दिया गया था, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। बहू-बेटियां भी घर से बाहर नहीं निकल पाती हैं महिलाओं ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि अवैध शराब बिक्री के कारण उनका घर में रहना मुश्किल हो गया है। शराब पीकर लोग घर के बाहर गाली-गलौज करते हैं, जिससे बहू-बेटियां भी घर से बाहर नहीं निकल पातीं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस केवल आश्वासन देती है, कार्रवाई नहीं करती। क्षेत्र में बढ़ाएंगे गश्त सूचना मिलने पर देहात थाना प्रभारी रचना मिश्रा और सागर नाका चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि इन क्षेत्रों में लगातार गश्त की जाएगी और अवैध शराब बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों की निशानदेही पर पुलिस ने एक स्थान से अवैध शराब जब्त की। यह हंगामा करीब आधे घंटे तक चलता रहा। पुलिस के ठोस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *