दमोह जिले के जबेरा थाना क्षेत्र में आने वाले जमुनिया गांव में शुक्रवार दोपहर एक पिता तीसरी पत्नी को लेकर अपने घर पहुंच गया। उसके बेटे ने जब इस बात का विरोध किया तो पिता ने बेटे के घर में आग लगा दी, जिससे पूरा घर का सामान जलकर खाक हो गया। जबेरा पुलिस को खबर मिली तो तत्काल मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंची, जिससे आग पर काबू पाया गया। बेटे ने कमरे में घुसने से मना किया तो पिता ने किया विवाद बेटे छोटू प्रजापति ने बताया कि मेरे पिता विश्राम प्रजापति की मेरे पिता की पहली पत्नी मेरी मां थी। जिनसे मेरा जन्म हुआ था। उनका स्वर्गवास होने के बाद पिता ने दूसरी शादी की जो उन्हें छोड़कर भाग गई और अब मेरे पिता तीसरी महिला को पत्नी बनाकर घर ले आए और मेरे कमरे में घुसने लगे। जब मैंने उनसे कहा कि आप बाजू वाले मकान में रहिए, मेरे साथ नहीं रह सकते, तो मेरे पिता ने विवाद करना शुरू कर दिया और अपनी तीसरी पत्नी के साथ मिलकर मेरी पत्नी लक्ष्मी से मारपीट कर दी। जब हम घर के बाहर निकले तो मेरे पिता ने घर में आग लगा दी। जिससे पूरा घर का सामान अनाज, कपड़े, पैसे जल गए। पुलिस को खबर दी गई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची तब तक मेरे पिता उस महिला के साथ कहीं भाग गए। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई है। लेकिन पूरा घर का सामान जलकर खाक हो गया है।


