दमोह में दुकानदार से मारपीट, VIDEO:उधारी मांगने पर हमला; कार्रवाई नहीं होने पर SDOP को दिया आवेदन

दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र में एक दुकानदार से मारपीट का वीडियो सामने आया है। दुकानदार का आरोप है कि उधारी के पैसे मांगने पर उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना तेजगढ़ में निखिल सिंघई की हार्डवेयर दुकान पर हुई। निखिल के पिता राजू सिंघई ने बताया कि तेजगढ़ निवासी नितिन बड़े राय ने करीब एक माह पहले उनकी दुकान से 5000 रुपए का लोहे का सामान उधार लिया था। 2 फरवरी को निखिल ने नितिन को फोन कर पैसे मांगे थे। पैसे मांगने पर नितिन राय निखिल की दुकान पर पहुंचे। पहले दोनों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद नितिन ने दुकान में रखी लोहे की रॉड से निखिल पर हमला कर दिया। हमले की आवाज सुनकर निखिल की मां नीचे आईं, तो नितिन ने उन पर भी हमला किया और मौके से फरार हो गया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। घटना के बाद निखिल तेजगढ़ थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी बात बताई। हालांकि, पुलिस ने शुरुआत में इसे केवल एक आम सूचना के तौर पर दर्ज किया और कोई कार्रवाई नहीं की। पांच दिन बीत जाने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई और पैसे भी नहीं मिले, तो राजू सिंघई अपनी पत्नी के साथ तेंदूखेड़ा एसडीओपी कार्यालय पहुंचे और आवेदन दिया। दोनों पक्षों पर मामला दर्ज है तेजगढ़ थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि दोनों ही पक्षों पर मारपीट और गाली गलौज का मामला दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *