भिंड कलेक्टर ने बोर्ड परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण:कहा-फर्नीचर, सीसीटीवी, बाउंड्रीवॉल, पेयजल और बिजली व्यवस्था दुरुस्त हो

माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार को भिंड कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने शहर के शासकीय डाइट परिसर स्थित बोर्ड परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने परीक्षा से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मीणा ने परीक्षा कक्षों की स्थिति, फर्नीचर की उपलब्धता, डाइट परिसर की बाउंड्रीवॉल, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति और पेयजल की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने प्रभारी अधिकारियों से कहा कि जहां भी किसी प्रकार की कमी पाई जाए, उसे तत्काल दूर किया जाए। विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरों की सुचारू कार्यप्रणाली और बिजली व्यवस्था को निर्बाध रखने पर जोर दिया गया।
इसके बाद कलेक्टर ने एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय विक्रमपुरा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं का भ्रमण कर बच्चों से संवाद किया और शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। कलेक्टर ने छात्रों को परीक्षा के दौरान घबराने के बजाय आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों के उत्तर देने की सलाह दी। साथ ही नियमित अभ्यास और एकाग्रता के साथ पढ़ाई करने पर बल दिया।
कलेक्टर ने विद्यालय प्रबंधन से स्वच्छता, शिक्षण सामग्री, शिक्षकों की उपस्थिति और परिसर सौंदर्यीकरण को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा अवधि के दौरान विद्यालय और परीक्षा केंद्रों में अनुशासन, स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *