दमोह में नशे में युवक कुएं में गिरा:पानी नहीं होने से बची जान; खाट के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला

दमोह में हटा थाना क्षेत्र के ग्राम रैवझा में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। यहां 20 वर्षीय एक युवक नशे की हालत में 25 फीट गहरे खाली कुएं में गिर गया, जिसे पुलिस और ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना शाम करीब चार बजे की है। गांव के पास स्थित एक गहरे कुएं से अचानक किसी के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण वहां पहुंचे। नीचे झांकने पर उन्हें युवक पड़ा हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद प्रधान आरक्षक भगवान दास दाहिया और आरक्षक देवेंद्र अठ्या मौके पर पहुंचे। खाट के सहारे किया रेस्क्यू पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर तत्काल रेस्क्यू शुरू किया। कुआं गहरा होने के कारण रस्सी के सहारे एक खाट (चारपाई) को नीचे उतारा गया। युवक को सावधानी से खाट पर लिटाया गया और फिर रस्सियों की मदद से उसे धीरे-धीरे ऊपर खींचा गया। सुरक्षित बाहर निकलने पर युवक की पहचान गांव के ही अभिषेक पटेल के रूप में हुई। शराब के नशे में था युवक पूछताछ में पता चला कि युवक अभिषेक शराब के नशे में था, जिसके कारण वह संतुलन खो बैठा और कुएं में जा गिरा। गनीमत यह रही कि कुआं खाली था, जिससे उसकी जान बच गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद युवक को उसके परिजनों को सौंप दिया है। जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *