दमोह में नाली के अंदर से होकर गुजरी पाइपलाइन:फिल्टर में भी फैली गंदगी, नगरपालिका ने 15 वार्डों से पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे

दमोह शहर के कुछ हिस्सों में पुराने फिल्टर प्लांट से अभी भी पानी की सप्लाई हो रही है, जिससे दूषित पानी मिलने की पूरी आशंका है। जिन वार्डों में यह पानी पहुंच रहा है, वहां नल के कनेक्शन नालियों के भीतर से गुजरे हैं। इससे पानी के गंदा होने और लोगों के बीमार पड़ने का खतरा बना हुआ है। खासकर इंदिरा कॉलोनी में नल कनेक्शन नालियों के अंदर से होकर घरों तक पहुंचे हैं। यह स्थिति कभी भी दूषित पानी की सप्लाई का कारण बन सकती है, जिसका निवासियों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। बताया जा रहा है कि यह पुराना फिल्टर प्लांट अभी भी चालू है और इसमें काफी गंदगी जमा है। शनिवार दोपहर को जब प्लांट की सफाई की गई, तो वहां भारी मात्रा में गंदगी देखने को मिली। जल्द बंद होगा पुराना प्लांट फिल्टर प्लांट के कर्मचारियों ने बताया कि कुछ ही दिनों में इंदिरा कॉलोनी में नए फिल्टर प्लांट से पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी और पुराने प्लांट को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। हालांकि, इस बीच यदि नालियों का गंदा पानी इन पाइपों के जरिए घरों तक पहुंचता है, तो सैकड़ों लोगों के बीमार होने का डर है। इंदिरा कॉलोनी के अलावा ऑफिसर कॉलोनी में भी इसी पुराने प्लांट से पानी भेजा जा रहा है, जिससे वहां भी खतरा बना हुआ है। सैंपल लिए गए, पाइपलाइन बदलने की तैयारी नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि शासन से निर्देश मिलने के बाद फिल्टर प्लांट की सफाई का काम चल रहा है। जहां-जहां नाली से होकर नल कनेक्शन गुजरे हैं, उनके लीकेज की जांच की जा रही है। साथ ही 15 वार्डों से पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए पीएचई (PHE) भेजे गए हैं। नगर पालिका का प्रयास है कि जहां भी पाइपलाइन नाली से होकर गुजरी है, उन्हें वहां से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर नई पाइपलाइन बिछाई जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *