दमोह में ब्राह्मण समाज का एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन:कांग्रेस पार्षद प्रतिनिधि पर मारपीट, FIR दर्ज न होने का आरोप

दमोह में सोमवार शाम ब्राह्मण समाज ने एसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि एक कांग्रेस पार्षद प्रतिनिधि ने ब्राह्मण परिवार के साथ मारपीट की, लेकिन पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। लगभग एक घंटे तक चले हंगामे के बाद सीएसपी ने उचित कार्रवाई और तत्काल एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। यह मामला फुटेरा वार्ड तीन का है। ब्राह्मण समाज के सदस्यों ने बताया कि गायत्री शक्तिपीठ गेट के पास रहने वाले चंदू उपाध्याय के घर में रविवार दोपहर कांग्रेस पार्षद प्रतिनिधि कासिम खान और उनके साथियों ने घुसकर मारपीट की थी। इस दौरान महिलाओं के साथ भी अभद्रता की गई। पीड़ित परिवार ने इस घटना का एक वीडियो भी बनाया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। परिवार ने कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। सतीश तिवारी, नित्या प्यासी, मनीष तिवारी सहित ब्राह्मण समाज के अन्य सदस्यों ने सोमवार शाम एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस पर दबाव में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि आखिर किस दबाव के चलते एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही है। समाज ने यह भी बताया कि पार्षद प्रतिनिधि कासिम खान बस स्टैंड पर अनुज टंडन के पेट्रोल पंप पर काम करता है और आदतन अपराधी है। प्रदर्शन के दौरान करीब एक घंटे तक नारेबाजी और हंगामा चलता रहा। बाद में सीएसपी एचआर पांडे ने प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और तत्काल एफआईआर दर्ज करने की बात कही। इस आश्वासन के बाद ब्राह्मण समाज के लोगों ने अपना प्रदर्शन खत्म कर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *