दशहरा मैदान में पंचायत सचिव सम्मेलन…:मुख्यमंत्री ने कहा – पंचायत सचिवों का रिटायरमेंट अब 62 वर्ष में, मृत्यु पर मिलने वाले 1.5 लाख रुपए लौटाने नहीं होंगे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को राजधानी के दशहरा मैदान में आयोजित पंचायत सचिव सम्मेलन में पंचायत सचिवों के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि अब मप्र में पंचायत सचिव 62 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त होंगे। साथ ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उनके संविलयन के लिए जल्द ही समिति गठित की जाएगी। सीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि पंचायत सचिव की मृत्यु पर परिवार को मिलने वाली 1.5 लाख रुपए की राशि अनुकम्पा नियुक्ति होने पर विभाग को वापस नहीं करनी होगी। इसके साथ ही पंचायत सचिवों को अब 1300 रुपये का विशेष भत्ता भी दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायती राज व्यवस्था के माध्यम से सभी क्षेत्रों में काम कर रही है। राज्य सरकार ने वर्ष-2026 को कृषि कल्याण वर्ष घोषित किया है। इसमें 16 अलग-अलग विभागों को शामिल किया गया है। इस मौके पर पंचायत सचिव- सहायक सचिव महासंघ ने सीएम को मांग पत्र सौंपा। महासंघ के महामंत्री अर्जुनसिंह सोलंकी ने बताया कि 2023 में समयमान वेतनमान के आदेश जारी हो चुके हैं। पर दिशानिर्देश जारी नहीं हुए हैं। ये मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी थी। IPS मीट… अब नारकोटिक्स मुक्त अभियान सीएम डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को कुशाभाऊ ठाकरे हॉल में में आईपीएस मीट का उद्घाटन किया। सीएम ने कहा कि जल्द ही मप्र पुलिस को पदोन्नति की मंजूरी का समाचार मिलेगा। राज्य सरकार पुलिस विभाग में पर्याप्त भर्तियां करने जा रही है। सीएम ने कहा कि मप्र में नक्सलियों का पूरी तरह सफाया करना असंभव को संभव करने जैसा काम था, जिसे मप्र पुलिस ने पूरा करके दिखाया है। अब 1 अप्रैल से मप्र समेत देशभर में नारकोटिक्स मुक्त अभियान चलेगा। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना व आईपीएस एसोसिएशन के अध्यक्ष चंचल शेखर ने संबोधित किया। गडकरी 8 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी शनिवार को विदिशा में 4400 करोड़ रुपए की 8 प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। 181 किमी लंबी ये परियोजनाएं मध्य भारत और बुंदेलखंड के लिए सड़क कनेक्टिविटी का बड़ा काम करेगी। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि यह दिन मप्र के लिए विकास की नई राहें खोलने वाला साबित होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *