धार की ऐतिहासिक भोजशाला में बसंत पंचमी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शुक्रवार को भोजशाला में कड़ी सुरक्षा के बीच जुम्मे की नमाज अदा कराई गई और एंटी-सैबाोटेज टीम ने पूरे परिसर की जांच की, जिसमें किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। हिंदू समाज ने पूरे शहर को भगवामय कर दिया है। शनिवार को निकलने वाली रैली को लेकर भी प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। पुलिस ने 70 फिक्स पॉइंट पर जवान तैनात किए हैं। इस बार बसंत पंचमी 23 जनवरी को है, और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। बाइक और मोबाइल टीम लगातार निगरानी पर हैं। पुलिस-प्रशासन 8 हजार से अधिक बल तैनात करेगा। प्रशासन समाजजन के साथ बैठकों के माध्यम से समझाइश दे रहा है ताकि बसंत पंचमी पर किसी तरह की अशांति न फैले और पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जा सके।


