भास्कर न्यूज | लुधियाना मेरिटोरियस सोसायटी के तहत चल रहे राज्य भर के 10 मेरिटोरियस स्कूलों में दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन चल रही है। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। मेरिटोरियस स्कूलों में लुधियाना, अमृतसर, बठिंडा, फिरोजपुर, गुरदासपुर, जालंधर, मोहाली, पटियाला, संगरूर और तलवाड़ा में ग्यारहवीं में एडमिशन होगी। स्टूडेंट्स मेडिकल, नॉन मेडिकल और कॉमर्स स्ट्रीम में एडमिशन ले सकते हैं। यहां 4600 के तकरीबन सीट्स हैं। जबकि तलवाड़ा में नौवीं क्लास के लिए 50 सीट्स पर भी एडमिशन ली जाएगी। लुधियाना, अमृतसर, बठिंडा, फिरोजपुर, गुरदासपुर, जालंधर, मोहाली, पटियाला, संगरूर में हर स्कूल में ग्यारहवीं क्लास में 500 सीट्स हैं। इनमें 100 सीट्स मेडिकल, 100 सीट्स कॉमर्स और 300 सीट्स नॉन मेडिकल स्ट्रीम में हैं। तलवाड़ा में ग्यारहवीं में 100 सीट्स हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही रिजल्ट जारी हो सकता है क्योंकि रिजल्ट लगभग तैयार है। फीस भर चुके स्टूडेंट्स की जानकारी भी साझी की जा चुकी है। रिजल्ट जारी होने के बाद इस महीने काउंसलिंग प्रक्रिया को पूरा कर एडमिशन प्रोसेस पूरा कर दिया जाएगा। साथ ही क्लासेस की भी शुरुआत की जाएगी। ग्यारहवीं क्लास में दाखिले के लिए स्टूडेंट्स के पास दसवीं में 70 फीसदी अंक और रिजर्व्ड श्रेणी के लिए 65 फीसदी अंक होने जरुरी हैं। सलेक्शन प्रक्रिया में एंट्रेंस एग्जाम 100 अंकों का होगा। इसमें अंग्रेजी, गणित और साइंस से संबंधित सवालों के जवाब देने होंगे। पास करने के लिए उम्मीदवारों को हर विषय में 33 फीसदी अंक हासिल करने होंगे। जबकि सभी अंक मिला कर न्यूनतम 50 फीसदी अंक होने जरुरी हैं। विभाग द्वारा मैरिटोरियस और एसओई में दाखिले के लिए नोडल अफसरों की लिस्ट भी जारी की गई है। एंट्रेंस एग्जाम के बाद स्टूडेंट्स के लिए काउंसलिंग और डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन का आयोजन किया जाता है। उम्मीदवारों को https:// schoolofemin ence. pseb.ac.in/ पर विजिट करना होगा।


