भास्कर न्यूज | जामताड़ा नारायणपुर थाना क्षेत्र की खुशबू खातून ने महिला थाना में ससुराल वालों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से दहेज के लिए उसके ससुराल वाले प्रताड़ित कर रहे हैं। पति ने दूसरी शादी कर ली। ससुर टार्चर करता। विरोध करने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया गया है। खुशबू ने बताया कि उसकी शादी 7 मई 2020 को मुस्लिम रीति-रिवाज से मकसूद अंसारी से हुई थी। पिता ने शादी में 2.51 लाख रुपये नकद, एक अपाची बाइक, 60 हजार के गहने और 1.25 लाख का घरेलू सामान दिया था। शादी के कुछ समय तक सब ठीक रहा। बाद में पति साइबर अपराध में लिप्त हो गया। पुलिस के डर से रात-रात भर घर से गायब रहने लगा। इसी दौरान ससुर इदरीश मियां ने कई बार उसे टॉर्चर किया। विरोध करने पर घर से उसे निकाल दिया गया। पति के जेल में रहने के दौरान ससुर अक्सर टॉर्चर करता था। जब यह बात पति और सास को बताई तो तीनों ने मिलकर बुरी तरह से पीटा। खुशबू ने पुलिस को दिए आवेदन में लिखा है कि ससुराल वालों के द्वारा मारपीट किए जाने से उसका बायां हाथ टूट गया था। ऑपरेशन के बाद हांथ में रॉड लगी है। इसके बाद भी दहेज की मांग जारी रहा। जिसके बाद खुशबू के पिता ने एक और बाइक देकर उसे ससुराल भेजा। जिसके बाद 16 अप्रैल 2025 की रात ससुर ने फिर नशे में खुशबू को टॉर्चर करने लगा। शोर मचाने पर सास और पति ने मिलकर िफर से खुशबू के साथ मारपीट की गई और घर से निकाल दिया। इस दौरान दूध पीता बच्चा भी खुशबू से छीन लिया गया। नारायणपुर थाना की मदद से बच्चा वापस मिला है। 28 अप्रैल 2025 को पति ने दूसरी शादी कर ली। इसमें कई परिजन और स्थानीय लोग शामिल थे। अब खुशबू बच्चों के साथ मायके में रह रही हैं। न्याय की उम्मीद में रविवार को महिला थाना पहुंची हैं। पिता ने बताया कि कई बार पंचायत हुई। बेटी को बसाने की कोशिश की, लेकिन हर बार मारपीट की गई। अब महिला थाना में शिकायत की है ताकि न्याय मिल सके।


