कोटा के दादाबाड़ी थाना क्षेत्र में देर रात चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। मोदी कॉलेज रोड स्थित ज्योति मंदिर के पास तीन बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को धोखे से बुलाकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घायल युवक भोला यादव ने बताया कि उसके भाई का आरोपियों से पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसे बातचीत के बहाने ज्योति मंदिर के पास बुलाया। वहां पहुंचते ही तीन युवकों ने उस पर चार से पांच बार चाकू से वार कर दिए। घायल हालत में भोला किसी तरह वहां से भाग निकला, जिसके बाद कॉलोनीवासियों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर दादाबाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाने के एएसआई शंभू दयाल ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि राहुल, मोडा और एक अन्य युवक ने मिलकर भोला पर हमला किया। पुलिस के अनुसार, भोला अपने एक मित्र की बर्थडे पार्टी में शामिल होने आया था और बाहर निकलते ही आरोपी पहले से घात लगाए खड़े थे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। यह घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही हैं।


