प्राइम वीडियो की चर्चित क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज ‘दहाड़’ के दूसरे सीजन की शूटिंग एक बार फिर राजस्थान में होने जा रही है। इसी सिलसिले में अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा जयपुर पहुंच चुकी हैं। यहां से वे राजस्थान की अलग-अलग लोकेशनों पर ‘दहाड़ 2’ की शूटिंग करती नजर आएंगी। जयपुर एयरपोर्ट पर ब्लैक मास्क लगाए सोनाक्षी नजर आई। जोया अख्तर और रीमा कागती की ओर से निर्मित इस पावरफुल पुलिस प्रोसीजरल सीरीज ने पहले सीजन में दर्शकों और समीक्षकों दोनों का ध्यान खींचा था। अब इसके दूसरे सीजन को और बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, लंबे राइटिंग प्रोसेस के बाद स्क्रिप्ट को लॉक कर लिया गया है> पिछले कई महीनों से टीम प्री-प्रोडक्शन में जुटी हुई थी। लोकेशन, लॉजिस्टिक्स और प्रोडक्शन डिजाइन का काम पहले ही पूरा कर लिया गया है। राजस्थान मुख्य शूटिंग लोकेशन रहेगा पहले सीजन की तरह इस बार भी राजस्थान मुख्य शूटिंग लोकेशन रहेगा। राज्य के छोटे कस्बों, सूखे और सख्त लैंडस्केप ने ‘दहाड़’ की कहानी को एक अलग ही यथार्थ और गहराई दी थी। दूसरे सीजन में भी इसी माहौल को और विस्तार देने की तैयारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनाक्षी सिन्हा और गुलशन देवैया एक बार फिर अपने-अपने दमदार पुलिस ऑफिसर के किरदार में नजर आएंगे। पहले सीजन में सोनाक्षी की सख्त, ईमानदार और जमीनी पुलिस अधिकारी की भूमिका को काफी सराहना मिली थी। दूसरे सीजन में भी वे उसी रोल में कहानी को आगे बढ़ाती दिखाई देंगी। इधर, राजस्थान इन दिनों वेब सीरीज और फिल्मों का हॉटस्पॉट बना हुआ है। तापसी पन्नू भी फिलहाल राजस्थान में अपनी आगामी फिल्म ‘घूंघट’ की शूटिंग कर रही हैं। एक साथ कई बड़े प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से राज्य में फिल्म इंडस्ट्री की हलचल और बढ़ गई है।


