लुधियाना| धांधरा रोड निवासी गजराज सिंह बीते एक महीने से अपने नवजात पोते को पाने के लिए शहर के थानों और दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, मगर अभी तक उन्हें इंसाफ नहीं मिल पाया। गजराज के अनुसार पुलिस कह रही है बच्चा मिल गया। लेकिन, ये नहीं बताया जा रहा कि कहां है, कैसे मिला और किसके पास है। शनिवार को भी वे दुगरी थाने के बाहर घंटों खड़े रहे, पर बच्चे के संबंध में कोई जवाब देने वाला नहीं मिला। दिल दहला देने वाली इस कहानी में आरोप है कि उसकी बहू रीटा ने अपने ही बच्चे को आशा वर्कर रेनू के साथ मिलकर 2.5 लाख में बेच दिया। 16 अगस्त को गजराज सिंह बसंत चौकी में शिकायत दी। 10 दिन तक चौकी के चक्कर लगाए। फिर 28 अगस्त को सीपी के पास गए। इसके बाद 10 दिन आत्म नगर एसीपी ऑफिस गए। दुगरी थाने में पर्चा तो दर्ज हो गया। पुलिस ने बच्चा भी बरामद कर लिया। लेकिन बच्चा कहां है ये नहीं बता रहे। 17 सितंबर को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के पास शिकायत की।


