बांसवाड़ा जिले के दानपुर थाना क्षेत्र के सालरापाड़ा गांव में 18 वर्षीय युवक ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। एएसआई प्रेमपाल सिंह ने बताया की सालरापाड़ा निवासी मंगलू पुत्र मांगुड़ा उम्र 18 वर्ष ने घर के पास पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही दानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार मृतक के भाई ने रिपोर्ट देकर बताया की मंगलू 15 सितंबर शाम 7 बजे से घर से निकला था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार दोपहर साढ़े 3 बजे घर के पास ही एक पेड़ पर उसका लटका हुआ शव मिला। पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। युवक की मौत के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया हैं। मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मृतक खेती बाड़ी का कार्य करता था।


