‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ रेडक्रॉस परिसर में हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस महाअभियान का राष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश के धार जिले से बुधवार को आगाज किया था। यह अभियान महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को समर्पित है, जो 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। बूंदी में आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रभारी सचिव कुंजीलाल मीणा और जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा उपस्थित रहे। शिविर में महिलाओं को कैंसर, एनीमिया और टीबी जैसी गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग के साथ-साथ मातृ-शिशु स्वास्थ्य संबंधी जांच और परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं और बालिकाएं पहुंचीं। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अलग-अलग काउंटरों पर महिलाओं की बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन, वजन और बीएमआई की जांच की।विशेष रूप से, महिलाओं के लिए ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर की निशुल्क स्क्रीनिंग की गई। इसके अतिरिक्त, टीबी और सिकल सेल रोग की जांच के लिए भी नमूने लिए गए। जिला प्रभारी सचिव कुंजीलाल मीणा ने रेडक्रॉस परिसर में लगे शिविर का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं ब्लड प्रेशर और हीमोग्लोबिन की जांच करवाकर शिविर में दी जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता परखी।मीणा ने इस अवसर पर कहा कि आमजन को ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। टीबी मुक्त भारत अभियान और मातृ-शिशु देखभाल पर विशेष जोर
शिविर में ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। इस दौरान जिला प्रभारी सचिव ने निक्षय मित्र योजना के तहत दानदाताओं के सहयोग से महिला टीबी रोगियों को पोषण किट वितरित किए। आशा, एएनएम और सीएचओ द्वारा चिह्नित किए गए संभावित टीबी रोगियों के सैंपल लिए गए ताकि उनकी तत्काल जांच कर उपचार शुरू किया जा सकें। शिविर में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए बनाए गए काउंटर पर गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात जांच की गई और बच्चों का टीकाकरण किया गया। किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के बारे में जानकारी देते हुए सेनेटरी नैपकिन भी वितरित किए गए।
रक्तदान शिविर का किया अवलोकन, बढ़ाया हौसला
जिला प्रभारी सचिव ने जिला अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर का अवलोकन किया और रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने ब्लड कलेक्शन सेंटर का निरीक्षण कर यहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ब्लड कलेक्शन सेंटर में कार्यरत कार्मिकों से ब्लड संग्रहण की स्थिति के बारे में आवश्यक जानकारी भी ली। इसके अतिरिक्त, जिला प्रभारी सचिव ने जिला चिकित्सालय में संचालित मेडिकल कॉलेज के नए भवन के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। साथ ही जिला अस्पताल में रोगियों को दी जा रही सुविधाओं, ओपीडी की संख्या, दवाईयों की उपलब्धता तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली पर जागरूकता सत्र भी आयोजित किए गए। लोगों को कम तेल और चीनी का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में आंखों की जांच, नशा मुक्ति परामर्श और परिवार कल्याण साधनों का भी वितरण किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.ओपी सामर ने बताया कि इन जांचों का उद्देश्य बीमारियों का शुरुआती चरण में ही पता लगाकर समय पर उपचार सुनिश्चित करना हैं। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, नुपूर मालव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, आमजन, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक आदि मौजूद रहें।


