केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार दोपहर रायसेन जिले के सांची विकासखंड के भगवंतपुरा पहुंचे। यहां मंच से कहा कि अवैध शराब से परिवार बर्बाद हो रहे हैं और ऐसे लोगों को नरक में भी जगह नहीं मिलेगी। उन्होंने अवैध शराब को हर हाल में रोकने की बात कही, क्योंकि यह बच्चों का भविष्य बर्बाद कर रही है और माताओं-बहनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। केंद्रीय मंत्री ने जनता और प्रशासन से अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाने का आह्वान किया। ‘इन्हें मार-मार कर ठीक करें…’
चौहान ने अवैध शराब बेचने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वे यह धंधा नहीं छोड़ते हैं, तो पुलिस की जिम्मेदारी है कि उन्हें ठीक करे। उन्होंने कलेक्टर और एसपी को भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा कि इन्हें मार मार कर सही करें। उन्होंने लोगों से गांव-गांव में टीमें बनाने का भी आग्रह किया ताकि अवैध गतिविधियों की सूचना दी जा सके।
महिलाओं ने की थी शराब बिक्री की शिकायत
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान किसान संगोष्ठी में शामिल होने रायसेन पहुंचे थे। भगवंतपुरा जाते समय रास्ते में महिलाओं ने उनसे अवैध शराब की बिक्री को लेकर शिकायत की थी, जिसके बाद उन्होंने यह सख्त रुख अपनाया। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन को अवैध शराब बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए।


