सड़कों के सवाल पर टालमटोल करते दिखे प्रभारी मंत्री:ग्वालियर में तुलसी सिलावट ने की प्रेसवार्ता; गिनाईं मोहन सरकार की दो साल की उपलब्धियां

मोहन यादव सरकार के दो साल पूरे होने पर प्रदेशभर में मंत्री सरकार की उपलब्धियां गिना रहे हैं। ग्वालियर पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने प्रेसवार्ता कर सरकार के कामकाज को बेमिसाल बताया। हालांकि, जब मीडिया ने ग्वालियर की बदहाल सड़कों को लेकर सवाल किए तो मंत्री सीधे जवाब देने से बचते नजर आए। सड़क सुधार के सवाल पर उन्होंने केवल इतना कहा कि काम “दुरुस्त कराया जा रहा है।” दो साल की उपलब्धियों पर एक घंटे प्रेसवार्ता शनिवार को ग्वालियर में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने करीब एक घंटे तक बीजेपी सरकार के दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में हर क्षेत्र में विकास हुआ है और सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए आम लोगों के जीवन में बदलाव लाया है। सड़कों के सवाल पर टालमटोल प्रेसवार्ता के दौरान जब मीडिया ने विकास से जुड़े जमीनी मुद्दों पर सवाल उठाए तो ग्वालियर की जर्जर सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। पत्रकारों ने पूछा कि निरीक्षण और निर्देशों के बावजूद सड़कों की हालत क्यों नहीं सुधरी। इस पर मंत्री ने कहा कि इस विषय पर पहले ही बात हो चुकी है और अब सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की जानी चाहिए। ‘दुरुस्त कराया जा रहा है’ कहकर टाला जवाब जब सड़कों के सवाल को दोबारा उठाया गया तो मंत्री ने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा कि सड़कों को “दुरुस्त कराया जा रहा है।” इसके अलावा उन्होंने किसी ठोस समय सीमा या योजना का जिक्र नहीं किया। बरसात के बाद भी जस की तस हालत बता दें कि ग्वालियर की बदहाल सड़कें बीते कुछ महीनों से राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में हैं। बरसात के दौरान शहर के कई प्रमुख और पॉश इलाकों की सड़कें धंस गई थीं और जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए थे। उस समय प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट से लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तक ने अधिकारियों को फटकार लगाई थी और जल्द सुधार के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके, बरसात खत्म हुए करीब चार महीने बीत जाने के बाद भी हालात में खास सुधार नहीं हुआ है, जिससे लोगों में नाराजगी है। योजनाओं को बताया बेमिसाल मंत्री सिलावट ने कहा कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में युवाओं को रोजगार, किसानों का हित और एससी-एसटी वर्ग का विकास प्राथमिकता रहा है। उन्होंने पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना और किसान सम्मान निधि का जिक्र करते हुए कहा कि अब एक परिवार को 20 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है, जो पहले संभव नहीं था। कांग्रेस पर साधा निशाना सरकार के दो साल पूरे होने पर कांग्रेस द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास अब दिखाने के लिए कुछ नहीं बचा है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार के दौरान प्रदेश का सिंचित रकबा 7 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 55 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। प्रेसवार्ता के अंत में जब एक बार फिर ग्वालियर की सड़कों को लेकर सवाल किया गया तो प्रभारी मंत्री ने दोहराया कि सड़कों को दुरुस्त कराया जाएगा और इसी के साथ चर्चा समाप्त कर दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *