दाह के मुहाने पर सर्दी:सीजन की सबसे सर्द रात, पारा 5.3 डिग्री; न्यूनतम 2.3 डिग्री और गिरा, दिन 1.1 डिग्री बढ़कर 20.3

मेवाड़ में सर्दी पूरे शबाब पर है। शहर में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात इस सीजन की अब तक की सबसे सर्द दर्ज की गई।
न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री और लुढ़ककर महज 5.3 डिग्री पर आ गया। यह सामान्य 7.6 के मुकाबले 2.3 डिग्री कम है। अधिकतम 1.1 डिग्री बढ़कर 20.3 डिग्री रहा। इसके बावजूद यह भी जनवरी के औसत 24.6 डिग्री से 4.2 डिग्री नीचे दर्ज हुआ। जानकारों ने अब पाला (दाह) पड़ने के संकेत दिए हैं। दिन में धूप निकलने से दोपहर के समय ठंड की मार कुछ कम जरूर पड़ी, मगर गलन ने पूरे दिन पीछा नहीं छोड़ा। सुबह और शाम शहर से लेकर हाईवे तक अलाव जलते नजर आए। बाजारों में चहल-पहल सुस्त रही और लोग गर्म कपड़ों में लिपटे दिखे। सुबह 9 से 10 बजे तक कोहरे का असर रहा, इसके बाद दृश्यता धीरे-धीरे साफ होती चली गई।स्कूल समय में बदलाव से राहत : ठंड को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया। इससे बच्चों को कुछ राहत मिली। सरकारी स्कूलों में बच्चे सुबह 10 बजे, जबकि कई निजी स्कूलों में 9:30 बजे तक पहुंचे। सरकारी में छुट्‌टी शाम 4 बजे, निजी में 3:30 बजे हुई। भास्कर एक्सपर्ट-3 दिन और ऐसी ही ठिठुरन मौसम विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. देवड़ा के अनुसार हिमालय क्षेत्र में हिमपात से उत्तरी ठंडी हवा का असर पूरे राजस्थान में फैल गया है। मेवाड़ सहित दक्षिण राजस्थान में तापमान इस साल के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया है। शीत लहर के कारण गलन तेज है। अगले तीन दिन मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा, हल्का कोहरा बन सकता है। कई इलाकों में पाला (दाह) पड़ने की आशंका है। एयर ट्रैफिक प्रभावित… 13 उड़ानों में देरी, एक रद्द हुई महाराणा प्रताप एयरपोर्ट (डबोक) पर मंगलवार सुबह घने कोहरे और खराब मौसम के चलते हवाई सेवाएं प्रभावित रहीं। कम दृश्यता के कारण दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरू सहित कई प्रमुख शहरों से आने-जाने वाली कुल 13 उड़ानें देरी से संचालित हुईं। जबकि, एक उड़ान को रद्द कर दिया गया। इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट और एयर इंडिया एक्सप्रेस की कई फ्लाइट्स निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भर सकीं, जिससे यात्रियों को खासा परेशान होना पड़ा। खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E7465/6E7718 (जयपुर-उदयपुर-जयपुर) को पहले ही रद्द कर दिया गया था। एयरलाइन की ओर से यात्रियों को समय रहते सूचना दे दी गई थी। मौसम में सुधार के बाद दोपहर तक उड़ान संचालन धीरे-धीरे सामान्य हुआ, हालांकि देरी का असर पूरे शेड्यूल पर दिखाई दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *