नीट यूजी-2026:आवेदन फरवरी के दूसरे सप्ताह तक, एनटीए ने जारी की एडवाइजरी- दस्तावेज जांच लें अभ्यर्थी

मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी-2026 की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया फरवरी के दूसरे सप्ताह तक शुरू होने की उम्मीद है। इससे पहले एनटीए ने मंगलवार को विद्यार्थियों के लिए अहम एडवाइजरी जारी की। इसमें आधार कार्ड, यूनिक डिसेबिलिटी आइडेंटिटी कार्ड और विभिन्न कैटेगरी सर्टिफिकेट को समय रहते अपडेट रखने पर विशेष जोर दिया। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा के अनुसार एनटीए ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के दौरान दस्तावेजी त्रुटि से बचने के लिए विद्यार्थी अभी से अपने रिकॉर्ड की जांच कर लें। हालांकि, एनटीए ने नीट यूजी-2026 के ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तिथि घोषित नहीं की है, लेकिन पिछले वर्ष 2025 में यह प्रक्रिया 7 फरवरी से शुरू हुई थी। ऐसे में अभ्यर्थियों को पहले से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। एडवाइजरी के अनुसार आधार कार्ड में विद्यार्थी का नाम, जन्मतिथि, जेंडर, फोटो और पता अपडेट होना अनिवार्य है। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए वैध और अपडेटेड यूडीआईडी कार्ड अनिवार्य किया गया है। ओबीसी-एनसीएल, ईडब्ल्यूएस, एससी व एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को भी अपने कैटेगरी सर्टिफिकेट की वैधता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि, आवेदन के समय कोई परेशानी न हो। बता दें, नीट यूजी-2025 में 22,09,318 ने परीक्षा दी थी। भास्कर एक्सपर्ट : दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए अहम दस्तावेज है यूडीआईडी कार्ड नीट यूजी-2026 की एडवाइजरी में दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए यूडीआईडी को अनिवार्य बताया गया है। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा बताते हैं कि यह केंद्र के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से जारी किया जाता है। यूडीआईडी के लिए विद्यार्थी ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद संबंधित अभ्यर्थी की दिव्यांगता का परीक्षण किया जाता है। जिला स्तर पर समाज कल्याण अधिकारी दिव्यांग विद्यार्थियों की सहायता करेंगे, जबकि पूरे सिस्टम की मॉनिटरिंग उदयपुर सहित देश के सभी जिलों के कलेक्टर करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *