धौलपुर जिले के बसेड़ी क्षेत्र के दिनकटा गांव में बुधवार देर रात एक ट्रांसफॉर्मर में जोरदार ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट के बाद उठीं तेज लपटें पास के छप्परपोश मकानों तक फैल गईं, जिससे उनमें आग लग गई। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बिना किसी देरी के आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कई छप्परपोश मकानों को नुकसान पहुंचा है। काफी समय से खराब था ट्रांसफॉर्मर
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मुख्य मार्ग पर लगा यह ट्रांसफॉर्मर लंबे समय से खराब था। उन्होंने बताया कि इसकी मरम्मत के लिए बिजली विभाग को कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने इस मामले की गहन जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और आग से हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।


