शराब दुकान में दिनदहाड़े लूट हो गई है। दरअसल, शराब दुकान से कैश कलेक्शन करने पहुंची टीम के पास बाइक सवार दो नकाबपोश युवक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गार्ड पर देसी कट्टा से फायर किया और 78 लाख रुपए से भरी पेटी लूटकर भाग निकले। वारदात की जानकारी मिलते ही अाबकारी व पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, पैर में गोली लगने से घायल गार्ड को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आबकारी विभाग की कैश कलेक्शन टीम नवागढ़ और पामगढ़ क्षेत्र की 12 शराब दुकान से कैश कलेक्शन कर लौट रही थी। टीम कार से मंगलवार की शाम 5 बजे जांजगीर से लगे खोखरा गांव की शराब दुकान में कलेक्शन लेने पहुंची। वैन ड्राइवर अमन सिंह और कैशियर धीरज सिंह गाड़ी से उतरकर शराब दुकान के अंदर चले गए। इस दौरान गार्ड शैलेंद्र सिंह बैस वैन में बैठा था। इसी बीच एक बाइक पर दो नकाबपोश बदमाश पहुंचे। देसी कट्टे से लैस बदमाशों ने वैन में बैठे गार्ड शैलेंद्र को दरवाजा खोलने की धमकी दी। शैलेंद्र ने दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया। दरवाजा नहीं खुला तो बदमाशों ने शैलेंद्र सिंह पर गोली चला दी। गोली शैलेंद्र के बाएं पैर में लगी। बदमाशों ने बंदूक की नोक पर कार से रुपए से भरी पेटी को बाहर निकाला और नहर के पास ले गए। नहर के पास उन्होंने पेटी खोली और रुपए को थैले में भरकर भाग निकले। नाकेबंदी कर संदेहियों की तलाश की जा रही है।


